खनिज माफियाओं पर चला प्रशासन का बड़ा शिकंजा, 8 पोकलेन और 20 ट्रैक्टर जब्त, इलाके में मचा हड़कंप….
(भुनेश्वर निराला) आवाम की आवाज़ न्यूज़|सारंगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए खनिज माफियाओं पर बड़ा प्रहार किया है। खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे भारी वाहनों को जब्त किया, जिससे अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम ने पहले सारंगढ़ तहसील के ग्राम जसपुर क्षेत्र में निरीक्षण किया। इस दौरान बिना वैध दस्तावेजों के रेत परिवहन करते पाए गए दो ट्रैक्टरों को जब्त कर कार्रवाई की गई। दोनों वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से थाना सारंगढ़ में रखा गया है।
इसके बाद विभाग ने सरिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटंगपाली के आश्रित ग्राम मौहापाली में औचक दबिश दी। यहां जांच के दौरान डोलोमाइट खनिज के अवैध उत्खनन का बड़ा खेल सामने आया। मौके पर उत्खनन कार्य में लगी 8 पोकलेन मशीनों को जब्त कर ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। टीम ने अवैध खनन से जुड़े 20 ट्रैक्टरों को भी चिन्हित कर जब्त किया और उन्हें थाना सरिया में सुरक्षा के तहत खड़ा कराया गया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मशीनों और वाहनों की जब्ती से क्षेत्र में अवैध खनन नेटवर्क को बड़ा झटका माना जा रहा है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की संबंधित धाराओं के तहत की गई है।
प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई को अवैध खनन पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में ऐसे और भी अभियान चलाए जाने की संभावना जताई जा रही है।









