निर्माणाधीन मकान में हुई बड़ी चोरी का खुलासा: दो सगे भाई निकले मास्टरमाइंड, 24 घंटे में पुलिस ने दबोचा…
आवाम की आवाज़ न्यूज़ //भुनेश्वर निराला
जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से एयर कंडीशनर और सीलिंग फैन चोरी करने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार नरियरा के झलमला रोड निवासी राहुल ने मुलमुला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान में फिटिंग के लिए रखे गए 17 एयर कंडीशनर और 4 सीलिंग फैन में से 4 एसी तथा 2 सीलिंग फैन अज्ञात चोरों द्वारा पार कर दिए गए हैं। 31 मई की सुबह जब वे मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और करीब 1 लाख 30 हजार रुपये मूल्य का सामान गायब था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां सामने आईं। फुटेज के आधार पर पुलिस की जांच बनाहिल निवासी अमित केंवट तक पहुंची।
इसी दौरान मुखबिर से भी सूचना मिली कि अमित अपने बड़े भाई अमर केंवट के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। पुलिस ने अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब साक्ष्य सामने रखे गए तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में अमित ने खुलासा किया कि उसने अपने बड़े भाई अमर के साथ मिलकर निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाया था। दोनों भाइयों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और चोरी का सामान छिपाकर रखा था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 4 एयर कंडीशनर, 2 सीलिंग फैन और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG-11 ZE-1377) बरामद कर ली। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 1.30 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
– अमित केंवट (22 वर्ष)
– अमर केंवट (24 वर्ष)
दोनों आरोपी पिता रामचरण केंवट के पुत्र हैं और बनाहिल, चट्टानपारा, थाना मुलमुला के निवासी हैं।
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू एवं थाना मुलमुला की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फोटो कैप्शन
चोरी के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी, उनके कब्जे से बरामद एसी, पंखे एवं मोटरसाइकिल के साथ मुलमुला पुलिस की टीम।









