चैतन्य नगर से चोरी हुई होंडा सिटी कार 24 घंटे में बरामद एक आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। थाना कोतवाली पुलिस ने चैतन्य नगर क्षेत्र से चोरी हुई होंडा सिटी कार को 24 घंटे के भीतर बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी मोहम्मद मुनीर मसूरी निवासी रायगढ़ ने 07 मार्च को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मेसर्स जिंदल पावर लिमिटेड की होंडा सिटी कार क्रमांक CG 04 H 3690 उनके गैरेज में रिपेयरिंग के लिए आई थी। रिपेयरिंग के बाद 06 मार्च को कार को चैतन्य नगर कॉलोनी के सामने खड़ा किया गया था, जहां से रात में अज्ञात व्यक्ति वाहन चोरी कर ले गए।
रिपोर्ट दर्ज होते ही एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर आकाश यादव (19 वर्ष) निवासी इंदिरानगर देवारपारा रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों आजाद अली उर्फ बहादूर और सोनूखान के साथ मिलकर कार चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने चोरी की सफेद रंग की होंडा सिटी कार (कीमत लगभग 2 लाख रुपये) बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी आकाश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं।
इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 106/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है तथा विवेचना के दौरान धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल, सहायक उपनिरीक्षक गौतम ठाकुर एवं कोतवाली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








