बरेली में 4 किलो अफीम के साथ सक्रिय तस्कर गिरफ्तार, 20 लाख रुपये की अफीम व मोबाइल बरामद….
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) यूनिट बरेली ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 4 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम (अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये) तथा एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 3,400 रुपये) बरामद किया है।
पुलिस महा निरीक्षक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था उत्तर प्रदेश एवं पुलिस महानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र के निर्देशन में एएनटीएफ यूनिट बरेली द्वारा यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त को थाना सुभाषनगर क्षेत्र अंतर्गत 12 फरवरी 2026 को मदन पब्लिक स्कूल से करीब 150 मीटर आगे रामगंगा रेलवे स्टेशन की ओर से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त ग्राम बसरे, थाना सिरौली, जनपद बरेली का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर अफीम की सप्लाई करता था। उसका साथी गांव में रहने वाला है और झारखंड के संपर्कों के माध्यम से अफीम मंगवाता था। दोनों मिलकर अफीम को अलग-अलग स्थानों पर पहुंचाते थे और बिक्री से प्राप्त धनराशि का बंटवारा करते थे।
इस संबंध में थाना सुभाषनगर में मु0अ0सं0 86/2026 धारा 8/18/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में एएनटीएफ यूनिट बरेली के प्रभारी निरीक्षक विकास यादव सहित उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, उपनिरीक्षक रोहित चौधरी, कांस्टेबल अंकित यादव, कांस्टेबल रविंद्र चौधरी, कांस्टेबल कृष्ण कुमार तथा महिला कांस्टेबल छाया शामिल रहीं। थाना सिरौली पुलिस की टीम ने भी सहयोग प्रदान किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।




