Categories

Recent Posts

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

05/02/2026

अधिवक्ता के भाई का हत्यारोपी कोर्ट में पेश: वकीलों ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और त्वरित कार्रवाई की मांग की…

Spread the love

सत्यम गौड़। फरीदपुर

बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में एलएलबी छात्र योगेश यादव की गोली मारकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सुमित उर्फ नन्हें को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया। योगेश स्थानीय अधिवक्ता मनोज यादव के भाई थे। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद हथियार बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह घटना 19 जनवरी की शाम ग्राम नवादा बिलसंडी में हुई थी, जहां योगेश यादव को गोली मार दी गई थी। वह एलएलबी के छात्र थे।

पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमित उर्फ नन्हें को मंगलवार देर रात ग्राम बिलसंडी नहर पुलिया से ग्राम चौडेरा की ओर जाने वाली नहर पटरी के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में सुमित ने बताया कि उसके भाई पी. के. यादव के आधार कार्ड पर मृतक योगेश के भतीजे अनुज ने किश्तों पर मोबाइल फोन लिया था, जिसकी किश्तें जमा नहीं की गई थीं। पीके यादव ने अनुज को कई बार किश्त जमा करने के लिए कहा था।

घटना वाले दिन मोबाइल की किश्त जमा करने को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई। इस दौरान दोनों भाइयों के बचाव में उनके परिवार वाले भी आ गए। तभी किसी बात पर पी. के. यादव ने अनुज को थप्पड़ मार दिया।

शाम के समय फिर से विवाद हुआ, जिसमें सुमित भी मौके पर मौजूद था। अनुज और योगेश मिलकर पी. के. यादव पर भारी पड़ने लगे। सुमित ने बताया कि अपने और भाई के बचाव में उसने तमंचा निकालकर योगेश पर फायर कर दिया। गोली योगेश के पेट में लगी और वह वहीं गिर गए।

इस मामले को लेकर बुधवार को अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्रवाई में तेजी लाने और शेष आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।

थाना प्रभारी राधेश्याम के अनुसार, गिरफ्तार हत्यारोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस की टीमें अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।


Spread the love