Categories

Recent Posts

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

05/02/2026

राष्ट्रीय युवा दिवस: बरेली में मिनी मैराथन में दौड़े सैकड़ों लोग ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प दोहराया…

Spread the love

सत्यम गौड़। बरेली

राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बरेली के कैंट स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘रन फॉर विकसित भारत-2047’ का भव्य आयोजन किया गया। इस मिनी मैराथन की शुरुआत कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, लेफ्टिनेंट जनरल जीओसी डीजी मिश्रा और कैंटोनमेंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन ने हरी झंडी दिखाकर की। कार्यक्रम की शुरुआत में स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर उन्हें नमन किया गया। इस दौड़ में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों और महिलाओं ने भी पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।

बरेली के धावक देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर लाएं…

मैराथन को रवाना करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल जीओसी डीजी मिश्रा ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आने वाले समय में जब भी ओलंपिक का आयोजन हो, तो बरेली के धावक देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर लाएं। वहीं, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने केंद्र सरकार की ‘खेलो इंडिया’ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश में खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन माहौल तैयार किया गया है, जिसका लाभ स्थानीय प्रतिभाओं को मिल रहा है।

मैराथन का मकसद पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना…

कैंटोनमेंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन ने बताया कि इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को दोहराना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। 5 किलोमीटर की इस दौड़ में 13 साल के किशोरों से लेकर 60 साल तक के बुजुर्गों ने अपनी फिटनेस का परिचय दिया। कुल 1500 पंजीकृत धावकों ने तीन अलग-अलग श्रेणियों में अपनी ताकत आजमाई। धावकों के जोश को देखकर पूरे कैंट क्षेत्र में देशभक्ति और ऊर्जा का संचार देखने को मिला।

स्टेडियम से शुरू हुई दौड़…

स्टेडियम से शुरू होकर यह दौड़ युगवीणा चौक, पहलवान बाबा मंदिर, बिशप चौक, कारगिल चौक और शहीद चौक से होते हुए वापस स्टेडियम पर ही संपन्न हुई। रास्ते भर अनुशासन और जोश का अनोखा संगम दिखा। इस आयोजन में सेना के जवानों और पुलिसकर्मियों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विजेताओं को प्रोत्साहन के रूप में नकद राशि दी गई, जिसमें प्रथम स्थान पर रहे धावक को 5000 रुपये, द्वितीय को 2500 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1500 रुपये का पुरस्कार मिला।


Spread the love