प्रभारी मंत्री ने परखी विकास कार्यों की रफ्तार, रोजगार और सौंदर्यीकरण पर जोर, अफसरों के कसे पेंच…
सत्यम गौड़। बरेली
जिले के प्रभारी मंत्री एवं सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर ने सोमवार को सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जिले की रैंकिंग, जनसमस्याएं, रोजगार और शहर के सौंदर्यीकरण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि बरेली आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में दूसरे स्थान पर है, जबकि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में जिले ने पहला स्थान हासिल किया है। इस पर प्रभारी मंत्री ने संतोष जताते हुए कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण और बेहतर होना चाहिए। प्रभारी मंत्री ने तहसील दिवस और थाना दिवस को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान हो सके। उन्होंने नाथ कॉरिडोर के कार्यों की गुणवत्ता पर खास जोर देते हुए इन्हें जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में नवाबगंज में रोजगार सृजन के लिए इम्प्लीमेंट जोन विकसित करने पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि इस योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाए, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके। इसके अलावा शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों के साथ मंथन किया गया और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज व बहोरन लाल, विधायक नवाबगंज एम.पी. आर्य, बिथरी चैनपुर विधायक राघवेंद्र शर्मा, कैंट विधायक संजीव कुमार अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष (आंवला) आदेश प्रताप सिंह और महानगर अध्यक्ष सोमपाल शर्मा मौजूद रहे। बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, सीडीओ देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।




