Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

15/08/2026

स्वामी आत्मानंद विद्यालय मोहभट्ठा में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Spread the love

 

रिपोर्टर _ दिलीप वर्मा 

सिमगा /मोहभट्ठा _ स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के पावन अवसर पर ग्राम मोहभट्ठा स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय मोहभट्ठा के तत्वावधान में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति के रंग में रंगे इस समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा राष्ट्रभक्ति के गीतों और नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमल नारायण बंजारे अध्यक्ष शाला विकास समिति थे। वहीं विशिष्ट अतिथि महेन्द्र कुमार वर्मा सरपंच मोहभट्ठा, भुत पूर्व अध्यक्ष नारद लाल वर्मा, उपाध्यक्ष मनाराम निषाद , शिवकुमार निषाद, विरेन्द्र कुमार बघेल, उपस्थित रहे। इसके अलावा ग्राम पंचायत के पंचगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ एवं सम्मान स्वरूप किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य बलराम ध्रुव ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक एवं कविता पाठ ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय एवं कला कौशल के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान, देशप्रेम और सामाजिक संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि कमल नारायण बंजारे ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं बल्कि देश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथियों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय परिवार की सराहना की।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारीगण, अभिभावक एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंच का संचालन व्याख्याता कामदेव सेन के द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, कविता पाठ एवं देशभक्ति प्रस्तुतियों के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।


Spread the love