सारंगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह का फाइनल रिहर्सल, तैयारियों को दिया अंतिम रूप

सारंगढ़-बिलाईगढ़। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह को लेकर सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में गुरुवार को अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की मौजूदगी में हुए इस रिहर्सल के दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कर तैयारियों को परखा गया।
पूर्वाभ्यास में परेड, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार वितरण समेत समारोह से जुड़े अन्य कार्यक्रमों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार दोहराया गया। परेड में शामिल टुकड़ियों ने मार्चपास्ट और अन्य गतिविधियों का अभ्यास किया।
कलेक्टर ने मैदान में मौजूद व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह के दौरान सुरक्षा, अनुशासन और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में जिलेवासी शामिल होंगे।


















