सारंगढ़ में जुए पर सबसे बड़ी कार्रवाई: जंगल में चल रहे लाखों के फड़ पर पुलिस का छापा, थार समेत ₹27.49 लाख की संपत्ति जब्त…
(भुनेश्वर निराला) आवाम की आवाज़ न्यूज़| सारंगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में संचालित जुए के फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर नकदी, मोबाइल फोन और एक महिंद्रा थार वाहन समेत कुल ₹27,49,540 की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमलीडीपा के भकुर्रा मोड़ जंगल के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर बड़ी रकम का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चारों आरोपी जुआ खेलते पकड़े गए।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों और जुए के फड़ से ₹1,66,540 नकद, 7 मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹3.83 लाख), एक महिंद्रा थार (कीमत लगभग ₹22 लाख) तथा 52 पत्ती ताश जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹27,49,540 आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश चंद्रा उर्फ पोचु, कृतराम चंद्रा, रामशरण सिंह राजपूत और भगवान प्रसाद जायसवाल के रूप में हुई है। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, पीएसआई विवेक चौहान, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











