ईशर गवरा विवाह महोत्सव का निमंत्रण लेकर रामलाल चौहान से मिले आदिवासी युवा प्रभाग के प्रतिनिधि

सरायपाली। ईशर गवरा विवाह महोत्सव एवं युवा महोत्सव के आयोजन को लेकर आदिवासी युवा प्रभाग सरायपाली-बसना के प्रतिनिधिमंडल ने सरायपाली स्थित विश्राम गृह में छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री रामलाल चौहान से सौजन्य मुलाकात की।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने श्री चौहान को महोत्सव का आमंत्रण पत्र भेंटकर कार्यक्रम में शामिल होने का सादर निमंत्रण दिया और आयोजन में गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि आगामी 14 एवं 15 नवंबर 2026 को बुढ़ादेव नगर, सरायपाली में ईशर गवरा विवाह महोत्सव एवं युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज की प्राचीन धार्मिक परंपराओं, मान्यताओं, रीति-रिवाजों एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन करना है।
आयोजक मंडल ने समाज के सभी लोगों एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।



















