तमनार में अवैध महुआ शराब पर पुलिस का शिकंजा! 13 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार।

प्रेमनगर उरबा में घर पर दी दबिश, शराब बिक्री की रकम भी जब्त; आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
रायगढ़, 30 अक्टूबर 2026।जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन आघात के तहत तमनार पुलिस ने अवैध महुआ शराब बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम प्रेमनगर उरबा स्थित आरोपी के घर पर दबिश देकर कुल 13 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को तमनार पुलिस की टीम ग्राम कुंजेमुरा एवं मिलुपारा क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम प्रेमनगर उरबा निवासी दयालु टोप्पो अपने घर में महुआ शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपचंद चन्द्रवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर दबिश दी। वहां मिले संदेही से पूछताछ करने पर उसकी पहचान दयालु टोप्पो (48 वर्ष), पिता फिलिप टोप्पो, निवासी प्रेमनगर उरबा, थाना तमनार, जिला रायगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चार प्लास्टिक बोतलों और पांच लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरिकेन में रखी कुल 13 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 100 रुपये भी जब्त किए गए।
पुलिस ने कुल बरामद सामग्री को विधिवत जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपचंद चन्द्रवंशी, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, पुष्पेंद्र सिदार एवं रंजित भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस द्वारा ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

















