रेत के अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 162 घनमीटर रेत जब्त..

सक्ती | 08 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी श्री के.के. बंजारे के मार्गदर्शन में खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने सक्ती तहसील क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान ग्राम लवसरा, सिरली, डिक्सी, हरदी, मोहंदीखुर्द, सिंघनसरा, सक्ती एवं हरेठी में अवैध रूप से भंडारित लगभग 162 घनमीटर रेत जब्त की गई।
जांच में कई स्थानों पर बिना वैध अनुमति के रेत का भंडारण पाए जाने पर संबंधित प्रकरण दर्ज किए गए।
खनिज विभाग ने बताया कि सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



















