जिला प्रशासन को हराकर नागरिक इलेवन की शानदार जीत

सारंगढ़-बिलाईगढ़। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा आयोजित सद्भावना खेल प्रतियोगिता में जिला प्रशासन टीम और नागरिक इलेवन सारंगढ़ के बीच रोमांचक क्रिकेट मुकाबला खेला गया।
मुकाबले में नागरिक इलेवन सारंगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन की टीम को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। जीत के बाद खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मैच के बाद कलेक्टर सारंगढ़ श्रीमती पद्मिनी भोई साहू द्वारा खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया।
जिला प्रशासन की टीम की ओर से सीईओ जिला पंचायत हृषिकेश तिवारी, एसडीएम सारंगढ़ उमेश साहू, उप संचालक समाज कल्याण विनय तिवारी, नायब तहसीलदार प्रकाश पटेल सहित अन्य अधिकारी मैदान में उतरे।
वहीं नागरिक इलेवन की ओर से संपादक गोल्डी नायक, अधिवक्ता एवं भाजपा नेता हरिनाथ खूटे, भाजपा नेता मनोज जायसवाल, प्रकाश अग्रवाल, अधिवक्ता एवं कांग्रेस नेता अश्वनी चंद्रा, अधिवक्ता भोगेन्द्र मनहर, अखिलेश मिश्रा सहित अन्य खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
स्वतंत्रता दिवस पर खेल के मैदान में दिखा सद्भाव, भाईचारा और जोश—और जीत का सेहरा नागरिक इलेवन के सिर।।



















