Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

07/07/2026

सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीण पर भालू का जानलेवा हमला, चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीण… गोमर्दा अभ्यारण्य क्षेत्र में दहशत

Spread the love



सारंगढ़। गोमर्दा अभ्यारण्य क्षेत्र से एक बार फिर इंसान और वन्यजीव के टकराव की चिंताजनक घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह ग्राम रामटेक में शौच के लिए घर से निकले एक ग्रामीण पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। भालू के हमले से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, नारायण सिदार (40 वर्ष) सुबह रोज की तरह घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकले भालू ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।

ग्रामीणों और परिजनों ने घायल नारायण सिदार को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कनकबीरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और नियमानुसार 2,000 रुपये की तात्कालिक सहायता प्रदान की। बेहतर उपचार के लिए आवश्यक टीकाकरण के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सारंगढ़ रेफर किया गया।

इस घटना के बाद गोमर्दा अभ्यारण्य से लगे गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों की गतिविधियां लगातार आबादी वाले क्षेत्रों के करीब बढ़ रही हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सुबह-शाम जंगल और उसके आसपास अकेले जाने से बचें, सतर्क रहें तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।

‘आवाम की आवाज़ न्यूज़’ सभी नागरिकों से अपील करता है कि अफवाहों से बचें, वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।


Spread the love