Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

06/07/2026

रायगढ़ में मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर चोरी, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाया मामला, दो नाबालिग हिरासत में….

Spread the love



रायगढ़। शहर के चक्रधरनगर क्षेत्र में स्थित एक मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में चोरी में शामिल चार युवकों में से दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया गया है, जबकि उनके दो साथी सड़क हादसे में घायल होने के कारण अस्पताल में उपचाराधीन हैं। पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों बालकों के पास से चोरी की नकदी भी बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार, बोईरदादर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक ने दुकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच गई।

पूछताछ में दोनों बालकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ देर रात मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे 4 हजार रुपये चुरा लिए। बाद में चारों ने रकम बराबर-बराबर बांट ली।

चोरी के बाद हुआ हादसा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद तीन साथी एक मोटरसाइकिल से जामगांव की ओर घूमने निकल गए। रास्ते में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के दौरान बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीनों घायल हो गए। इनमें से दो आरोपी अभी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि एक बालक को मामूली चोटें आई थीं।

बरामद हुई चोरी की रकम

पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों बालकों के कब्जे से उनके हिस्से की एक-एक हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने और परिजनों को सूचना देने के बाद दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।


Spread the love