बिलासपुर विश्वविद्यालय में छात्रों का हंगामा: परीक्षा नियंत्रक पर अभद्र व्यवहार का आरोप, कुलपति से कार्रवाई की मांग
बिलासपुर। कोनी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को उस समय माहौल गर्मा गया, जब विभिन्न छात्र समस्याओं के समाधान की मांग लेकर पहुंचे छात्र प्रतिनिधियों ने परीक्षा नियंत्रक पर अभद्र व्यवहार करने और छात्रों के साथ असहयोगपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। नाराज छात्रों ने कुलपति कार्यालय पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत सौंपते हुए उचित कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, छात्र नेता अवनीश पांडे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल विश्वविद्यालय पहुंचा था। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि वे दो छात्रों के वैधानिक मामलों को लेकर संबंधित अधिकारी से मिलने गए थे। इनमें एक छात्र के शैक्षणिक दस्तावेजों में माता-पिता के नाम में आवश्यक संशोधन तथा दूसरे छात्र के पुनर्मूल्यांकन से जुड़े आवेदन का निराकरण शामिल था।
छात्रों का आरोप है कि परीक्षा नियंत्रक एफ. कुरैशी ने उनकी बात गंभीरता से सुनने के बजाय अभद्र भाषा का प्रयोग किया और समस्याओं के समाधान में सहयोग नहीं किया। प्रतिनिधिमंडल का दावा है कि उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा गया और यह भी कहा गया कि उनके कहने से कोई काम नहीं होगा। इस कथित व्यवहार से छात्र आक्रोशित हो गए।
घटना के बाद छात्र सीधे कुलपति कार्यालय पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। छात्रों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ उचित प्रशासनिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के साथ इस प्रकार का व्यवहार न हो।
छात्र प्रतिनिधियों का कहना है कि कुलपति ने उनका ज्ञापन स्वीकार कर लिया है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक परीक्षा नियंत्रक के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई या जांच का औपचारिक आश्वासन नहीं दिया गया था।
हालांकि, इस मामले में परीक्षा नियंत्रक एफ. कुरैशी का पक्ष सामने नहीं आया है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।













