कॉलेज परिसर में हुई हाईटेक चोरी का पर्दाफाश, पुलिस ने तीन शातिर चोरों को दबोचा… 60 हजार का कॉपर वायर बरामद
बिलासपुर। चौकसे कॉलेज परिसर से ट्रांसफार्मर में इस्तेमाल होने वाले कॉपर वायर और ऑयल की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में चोरी गया करीब 60 हजार रुपये मूल्य का कॉपर वायर बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कॉलेज प्रशासन ने अप्रैल 2026 में थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि परिसर में आपातकालीन बिजली व्यवस्था के लिए रखे गए ट्रांसफार्मर से कॉपर वायर और ऑयल चोरी कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी इनपुट, मुखबिर की सूचना और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की नजर मस्तुरी क्षेत्र के तीन संदिग्ध युवकों पर गई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर तीनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गया कॉपर वायर बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण मनहर उर्फ राजा (36 वर्ष), लाला उर्फ भगत केंवट (28 वर्ष) और यशवंत धीरज उर्फ राजा (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोरी की वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।













