Categories

Recent Posts

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

03/07/2026

सड़क किनारे गड्ढे में मिली जलसाय बरिहा की लाश, परसदा छोटे में सनसनी… अवैध शराब पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Spread the love

 

सारंगढ़। ग्राम पंचायत परसदा छोटे में गुरुवार शाम एक दर्दनाक और रहस्यमय घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। सड़क किनारे बने गड्ढे में गांव के निवासी जलसाय बरिहा का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं ग्रामीणों का गुस्सा गांव में खुलेआम बिक रही अवैध महुआ शराब पर फूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार, जलसाय बरिहा बुधवार रात करीब 8 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश की, मगर लगातार हो रही बारिश और अंधेरे के कारण कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार शाम करीब 4 बजे ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे एक गड्ढे में पड़े शव पर पड़ी। पहचान होने के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।

घटना की सूचना मिलते ही कनकबीरा थाना प्रभारी टीकाराम खटकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी के अनुसार, शुरुआती जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी में सामने आया है कि मृतक ने अत्यधिक शराब का सेवन किया था। आशंका है कि तेज बारिश के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गड्ढे में गिर गया। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण छिपा है।

‘मौत की महुआ’ पर ग्रामीणों का बड़ा आरोप

इस घटना के बाद गांव के लोगों ने अवैध महुआ शराब के कारोबार को मौत का कारण बताया है। ग्रामीणों का आरोप है कि परसदा छोटे में कई स्थानों पर खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। कुछ घरों को ही शराब बेचने का अड्डा बना दिया गया है, जहां दिन-रात नशे का कारोबार चलता है।

ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। उनका आरोप है कि नशे की बढ़ती लत ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं और जलसाय बरिहा की मौत भी इसी गंभीर समस्या की एक दुखद कड़ी हो सकती है।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पूरे गांव में शोक के साथ-साथ प्रशासन से अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जो इस मौत की असली वजह सामने लाएगी।


Spread the love