Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

30/06/2026

इमली की बोरियों के नीचे छिपा था 94 किलो गांजा… सारंगढ़ पुलिस ने ट्रक रोककर खोला तो उड़ गए होश…

Spread the love



सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरीपाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आयशर ट्रक से 94 किलो अवैध गांजा बरामद किया है, जिसे इमली की भारी-भरकम बोरियों के नीचे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर ले जाया जा रहा था। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक आयशर ट्रक में प्रतिबंधित मादक पदार्थ की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही डोंगरीपाली मोड़ के पास घेराबंदी की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। शुरुआत में ट्रक पूरी तरह इमली की बोरियों से भरा दिखाई दिया, लेकिन जब पुलिस ने बोरियां हटवाईं तो नीचे से गांजे के पैकेट बरामद होने लगे। पूरी तलाशी के बाद कुल 94 किलो गांजा जब्त किया गया।

जांच में सामने आया कि तस्करों ने करीब 12 टन इमली की बोरियों के नीचे गांजा छिपाकर पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी यह चालाकी काम नहीं आई। पुलिस ने मौके से UP-30-DT-5256 नंबर का आयशर ट्रक, तीन मोबाइल फोन और गांजा जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 24.40 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगत मोदक (52 वर्ष), निवासी धनबाद (झारखंड) और सुनील बर्मा (40 वर्ष), निवासी नर्मदापुरम (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ डोंगरीपाली थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देशन, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे के नेतृत्व में की गई। अभियान में थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।


Spread the love