Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

29/06/2026

तीन युवकों ने एसएसपी से लगाई गुहार, फर्जी दस्तावेज, मारपीट और धमकी देने के भी लगाए आरोप…

Spread the love

सत्यम गौड़। बरेली

✍️ नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी का आरोप, भाजपा मण्डल अध्यक्ष समेत चार के खिलाफ तीन शिकायतें


    भाजपा फतेहगंज पूर्वी के मण्डल अध्यक्ष सोमदत्त पाल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। सोमवार को तीन अलग-अलग युवकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बरेली को शिकायती पत्र देकर सोमदत्त पाल, अरविंद यादव, उमेश मौर्य और अफरोज उर्फ राहुल उर्फ सद्दाम पर मेरठ स्थित सिविल डिफेंस में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। तीनों शिकायतकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

तीन युवकों से 3.39 लाख रुपये लेने का आरोप

एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्रों के अनुसार सदर कैंट निवासी अमित सिंह, बदायूं के सहसवान निवासी कासिम और सदर कैंट निवासी सौरभ यादव ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने सिविल डिफेंस में नौकरी लगवाने का भरोसा देकर उन्हें विश्वास में लिया। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक अमित सिंह से एक लाख रुपये, कासिम से एक लाख 39 हजार रुपये और सौरभ यादव से एक लाख रुपये लिए गए। नौकरी का भरोसा दिलाने के लिए कथित नियुक्ति पत्र और भर्ती से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए गए।

मेरठ पहुंचने पर खुला कथित फर्जीवाड़ा

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि रुपये लेने के बाद उन्हें फॉर्म भरकर मेरठ भेजा गया। वहां संबंधित अधिकारियों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होती है और ऐसा कोई ऑफलाइन फॉर्म मान्य नहीं है। इसके बाद उन्हें पता चला कि दिए गए फॉर्म और दस्तावेज कथित रूप से फर्जी थे। आरोप है कि सुनियोजित तरीके से फर्जी कागजात तैयार कर उनसे धोखाधड़ी की गई।

रुपये मांगने पर मारपीट और धमकी देने का आरोप

तीनों शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो पहले आरोपियों ने संपर्क करना बंद कर दिया। बाद में फरीदपुर बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई और रुपये मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। अमित सिंह ने अपनी शिकायत में एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी का नाम लेकर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है, जबकि सौरभ यादव ने चलती गाड़ी से धक्का देने और जान से मारने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही है।

एसएसपी से कार्रवाई की मांग, पार्टी की चुप्पी बरकरार

तीनों शिकायतकर्ताओं ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, भाजपा मण्डल अध्यक्ष का नाम लगातार शिकायतों में सामने आने के बावजूद पार्टी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। साथ ही संगठन की ओर से किसी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल मामले की जांच पुलिस के स्तर पर की जानी है। शिकायतों में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी तथा आरोपितों का पक्ष सामने आना बाकी है।


Spread the love