तालाब में मिली रहस्यमयी लाश से फैली सनसनी, 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत बनी पहेली….

तालाब में मिली रहस्यमयी लाश से फैली सनसनी, 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत बनी पहेली
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम चोरभट्ठीकला स्थित तेली तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोपहर के समय तालाब में शव तैरता दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, बल्दियापारा स्थित तेली तालाब में एक व्यक्ति का शव पानी में दिखाई देने पर ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर गुलाबी और काले रंग की चेकदार शर्ट थी, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
शव मिलने की खबर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और हाल के गुमशुदगी मामलों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके।
फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह हादसा है, आत्महत्या है या फिर किसी अन्य घटना का परिणाम, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस रहस्यमयी मौत से जुड़े कई सवालों के जवाब दे सकती है।









