अग्निशमन के इंतजाम अधूरे, ऑक्सीजन मैनीफोल्ड के इंतजार में फंसा ट्रॉमा विंग का संचालन
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली के जिला अस्पताल स्थित ट्रॉमा विंग संचालन में इंटीग्रेटेड ऑक्सीजन सप्लाई और अग्निशमन व्यवस्था का पेच फंस गया है। एडी एसआईसी ने सीएमओ को पत्र भेजकर संबंधित व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए कहा है। साथ ही, शासन से मानव संसाधन और उपकरणों की मांग की है।
कंप्रेहेंसिव मेडिकल सर्जिकल एंड एक्सीडेंटल इमरजेंसी यूनिट (ट्रॉमा विंग) भवन का निर्माण करीब दो वर्ष पूर्व हो चुका है। पिछले वर्ष विंग का हस्तांतरण भी जिला अस्पताल को किए जाने का दावा सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने किया है।
इधर, संचालन को लेकर उच्चाधिकारियों के दबाव के बाद अब व्यवस्थाएं आंकी गईं तो विंग में अग्निमशन के उपकरण अधूरे मिले। यहां मशीनें लगी हैं, लेकिन हौज पाइप नहीं है। इमरजेंसी बेड पर ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए मैनीफोल्ड की व्यवस्था नहीं है। साथ ही, ऑर्थो सर्जन, एनेस्थेटिक व अन्य विशेषज्ञ, पैरामेडिकल स्टाफ भी नहीं है।
मामले पर एडीएसआईसी डॉ. अजय मोहन अग्रवाल का कहना है कि जो संसाधन उपलब्ध नहीं है, उसकी व्यवस्था के लिए कहा गया है। अगर संसाधन उपलब्ध हो जाएंगे तो संचालन किया जाएगा। अधूरी सुविधा के साथ विंग हस्तांतरण के बारे में जानकारी से इन्कार किया है।




