बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 406 ग्राम अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 10 लाख…
सत्यम गौड़। बरेली
जनपद बरेली में मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए थाना भमौरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी श्री सनी चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध अफीम की तस्करी में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 406 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 13/14 फरवरी 2026 की रात थाना भमौरा पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि देवचरा–बलिया रोड स्थित नहर पुल के पास एक व्यक्ति अवैध अफीम बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर विश्वास कर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम रूप सिंह पुत्र राजाराम, निवासी ग्राम डप्टा श्यामपुर, थाना भमौरा, जनपद बरेली, उम्र 24 वर्ष बताया। नियमानुसार की गई जामा तलाशी में उसके कब्जे से 406 ग्राम अवैध अफीम तथा एक मोबाइल फोन (टच स्क्रीन) बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह मजदूरी करता है तथा पर्याप्त आय न होने के कारण पैसों के लालच में आकर उसने यह अफीम एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी, जिसे ट्रक चालकों को बेचने के उद्देश्य से लाया गया था। अभियुक्त ने अपने कृत्य को स्वीकार किया है।
इस संबंध में थाना भमौरा पर मु.अ.सं. 90/26, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी सनी चौधरी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक ब्रह्मप्रकाश गौतम तथा हेड कांस्टेबल अजयपाल सिंह की पुलिस टीम द्वारा की गई।




