Categories

Recent Posts

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

05/02/2026

सरकारी रिकॉर्ड की बेइज्जती! CMO ऑफिस में फर्श पर पड़े फाइलों के ढेर, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप…

Spread the love

सत्यम गौड़। बरेली

संवाददाता बरेली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय से सामने आई तस्वीरों और वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। CMO कार्यालय के एक प्रशासनिक अधिकारी के कमरे में सरकारी फाइलें, रजिस्टर और अहम रिकॉर्ड रद्दी व कबाड़ की तरह फर्श पर बिखरे पड़े मिले, जिनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

       वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दस्तावेजों के बड़े-बड़े ढेर जमीन पर पड़े हैं, कई फाइलें फटी हुई अवस्था में हैं, तो कुछ पर धूल और गंदगी जमी हुई है। ये वही सरकारी रिकॉर्ड हैं जो भविष्य में जांच, ऑडिट, RTI और कानूनी मामलों में अहम सबूत बनते हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या अब इन दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर भरोसा किया जा सकता है?

रिकॉर्ड प्रबंधन की पोल खुली

सरकारी दफ्तरों में दस्तावेजों के संरक्षण और रखरखाव के लिए स्पष्ट नियम बने हुए हैं, लेकिन CMO कार्यालय की यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को उजागर करती है। अगर ये दस्तावेज जरूरी नहीं थे तो नियमों के तहत निस्तारण क्यों नहीं किया गया? और यदि महत्वपूर्ण थे, तो उन्हें खुले फर्श पर छोड़ देना किस नियम के तहत सही ठहराया जा सकता है?

छेड़छाड़ और रिकॉर्ड गायब होने का खतरा

खुले में पड़े दस्तावेजों से रिकॉर्ड में छेड़छाड़, पन्ने गायब होने और डेटा नष्ट होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की लापरवाही से न केवल विभाग की छवि धूमिल होती है, बल्कि भ्रष्टाचार की आशंका भी जन्म लेती है।

CMO की सफाई, लेकिन सवाल बरकरार

मामले पर CMO ने बचाव करते हुए कहा, “ऊपर बने स्टोर रूम में सीलन आ गई थी, इसलिए फाइलों को नीचे रखा जा रहा था। उसी दौरान किसी ने फोटो और वीडियो बना लिया।”

हालांकि CMO की इस सफाई के बाद भी कई सवाल अनुत्तरित हैं –

▪️ क्या सीलन आने की जानकारी पहले से थी?

▪️क्या दस्तावेजों को सुरक्षित रखने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई?
▪️किस अधिकारी की निगरानी में फाइलें फर्श पर पड़ी रहीं?
▪️क्या इस मामले की उच्चस्तरीय जांच होगी?

कार्रवाई होगी या मामला दबेगा?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस गंभीर लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी, या फिर इसे भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में ही दबा दिया जाएगा?


Spread the love