अलंकार अग्निहोत्री बोले—प्रशासन ने मौखिक रूप से किया जिला बदर, जल्द शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से करेंगे मुलाकात…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली। निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री बुधवार देर शाम कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच लखनऊ पहुंचे। पुलिस टीम उन्हें बरेली से वीआईपी रोड स्थित उनके आवास तक लेकर गई। इस दौरान सुरक्षा में तीन वाहन शामिल रहे। रात्रि लगभग 8:50 बजे वे सुरक्षित अपने आवास पर पहुंचे।
फोन पर बातचीत में अलंकार अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने उन्हें मौखिक आदेश के आधार पर बरेली से जिला बदर किया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई हाउस अरेस्ट जैसी है, जिसमें पुलिस बल को साथ भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे जल्द ही बरेली लौटेंगे।
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि यूजीसी के विरोध को लेकर पीलीभीत और बदायूं में भी व्यापक आंदोलन शुरू हो चुका है। उन्होंने ब्राह्मण समाज के जनप्रतिनिधियों पर समाज के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा के बयान पर भी उन्होंने तीखी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने दावा किया कि डीएम कैंप कार्यालय में उनके निलंबन की साजिश रची गई, लेकिन मामला उजागर हो गया। इसके बाद हताशा में आकर निलंबन की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि इस निर्णय को वे हाईकोर्ट में चुनौती देंगे और एक-दो दिन में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि वे पहले वाराणसी जाएंगे, जहां शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही वे अन्य सामाजिक व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों से भी संवाद करेंगे।
उधर, उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से लिखा—
“कहां-कहां मुझे जिला बदर करोगे, जहां जाऊंगा कारवां और बढ़ता जाएगा।”




