दाऊद व असलहों के साथ फोटो वायरल करने वाले इब्राहिम समेत कई पर जानलेवा हमले की एफआईआर…
गिरफ्तारी के लिए दबिश देने का दावा, आरोपी अब भी फरार…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में दबंग युवकों द्वारा एक युवक पर किए गए जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। सरेआम युवक को उसकी कार से खींचकर लाठी-डंडों, घूंसे-लातों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत नाजुक होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब मुख्य आरोपी अमान इब्राहिम के सोशल मीडिया अकाउंट से अवैध असलहों के साथ फोटो और कथित तौर पर दाऊद इब्राहिम से जुड़ी तस्वीरें वायरल होने लगीं। इन तस्वीरों ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि आरोपियों के बढ़ते दुस्साहस को भी उजागर किया है।
घटना का खौफनाक विवरण
घायल युवक की पहचान सलमान पुत्र मुश्ताक हुसैन, निवासी मोहल्ला जसौली, थाना किला के रूप में हुई है। पीड़ित के अनुसार, 26 जनवरी की रात करीब 10 बजे वह पीलीभीत बाईपास रोड स्थित स्पर्श बैंक्वेट हॉल के सामने अपनी कार खड़ी किए हुए था। इसी दौरान दो कारों में सवार 5 से 10 युवक मौके पर पहुंचे और बिना किसी कारण उसे जबरन वाहन से बाहर खींच लिया।
आरोप है कि अमान इब्राहिम, वसीम गद्दी, अनम गद्दी, सुभान उर्फ चूरन सहित अन्य अज्ञात लोगों ने उसे घेरकर सड़क पर ही बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले की क्रूरता इतनी अधिक थी कि सलमान लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
जान से मारने की धमकी
पीड़ित के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर गए। सलमान का कहना है कि उसे लगातार डराया-धमकाया जा रहा है और उसकी जान को गंभीर खतरा बना हुआ है।
बारादरी थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी अब भी खुलेआम घूमते देखे जा रहे हैं।




