बिजली विभाग की लापरवाही मूक प्राणियों पर पड़ रही भारी, करंट लगने से गौवंश घायल…
सत्यम गौड़ की खास रिपोर्ट
संवाददाता फरीदपुर। एक बार फिर मानसून का आरंभ होते ही विद्युत विभाग की लापरवाही बेजुबान बेसहारा पशुओं व जीवों पर भारी पड़ने लगी है। बिजली के खंभों में करंट आने से अब तक चार गोवंश अकाल मौत का ग्रास बन चुके हैं। इसके अलावा पेड़ों के बीच से गुजर रही बिजली की तारों की चपेट में आकर बंदर व उसके बच्चे झुलस गए।
गो सेवक विकास ठाकुर ने कहा कि एक महीने में नगर की तीन अलग-अलग जगह स्टेशन रोड, मेन रोड व बस स्टैंड के पीछे बिजली खंभों में प्रवाहित करंट की चपेट में आए गोवंशों ने दम तोड़ दिया। प्रशासन व संबंधित विभाग सूचना देने के बावजूद भी कोई ध्यान नहीं दे रहा। विकास ठाकुर व उनकी टीम को सूचना मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला। मृत गोवंश को जेसीबी की सहायता से उठाकर दूर खेतों में ले जाकर मिट्टी दी।
इसी प्रकार स्थानीय आज सुबह ट्रांसफार्मर से गुजर रही बिजली की तारों में आए करंट की चपेट में आए एक गौवंश का बच्चा घायल हो गया। जिसे देख स्थानीय लोगों ने विकास ठाकुर व उनकी टीम को सूचित किया तो उन्होंने मौके पर पहुंच कर उन्हें संभाला। प्राथमिक उपचार देने के बाद इलाज के लिए बदायूं रोड स्थित पशु पक्षी अस्पताल को सौंप दिया। इस दौरान प्रशासन, बिजली विभाग व अन्य संबंधित विभागों की लापरवाही सामने आई।
विकास ठाकुर व टीम सदस्य प्रवेश यादव, रवि, अमित, प्रवीन, सत्यम गौड़, विमल, मनोज व विपिन, राहुल ने बताया कि पिछले लंबे समय से नगर परिषद के समक्ष मांग उठाई जा रही है कि कम से कम जो लावारिस पशु किसी हादसे का शिकार होते हैं उनकी देह को मिट्टी देने के व रहने के लिए स्थान उपलब्ध करवाया जाए। अभी तक मजबूरी में टीम फरीदपुर से दूर गौवंश को भिजवा रही है।




