बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार, फरीदपुर में जमकर विरोध प्रदर्शन विहिप ने यूनुस सरकार का पुतला फूंका, अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग
आवाम की आवाज/सत्यम गौड़
संवाददाता फरीदपुर। बरेली के फरीदपुर स्थित पिताम्बरपुर में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की।
प्रदर्शनकारी ‘रक्षति रक्षित’ और ‘नहीं सहेंगे’ जैसे नारों के साथ सड़कों पर उतरे। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जो धार्मिक स्वतंत्रता और मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है। वक्ताओं ने धार्मिक स्थलों, घरों और समुदाय विशेष पर हो रहे हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री मानवेंद्र सिंह दीपक राणा के नेतृत्व में प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन इसमें एक सख्त संदेश दिया गया।
कार्यकर्ताओं ने भारत सरकार से इस गंभीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से उठाने का आग्रह किया। उनका कहना था कि इससे पीड़ित हिंदुओं को न्याय मिल सकेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू समाज पर किसी भी प्रकार के अत्याचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस प्रदर्शन में अनुज सिंह, अंकित राजपूत, सवन राजपूत, अनूप राठौर, रोहित सिंह, ओमेन्द्र कश्यप, वीशु राजपूत, मोहित गौड़, रघु प्रताप सिंह और विकास सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता शामिल रहे।




