अर्नब चक्रवात की आशंका: महासमुंद जिला प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी विभागों को सतर्क रहने के दिए निर्देश, नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
महासमुंद, 27 अक्टूबर 2026। अर्नब चक्रवात की संभावित सक्रियता को देखते हुए महासमुंद जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग द्वारा 27 से 29 अक्टूबर तक चक्रवात के प्रभाव की संभावना जताए जाने के बाद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से तैयार रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों और पशुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता होगी।
स्वास्थ्य, पुलिस और विद्युत विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश
संभावित आपदा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग को रैपिड रिस्पांस टीम तैयार रखने, पुलिस विभाग को सतर्कता बरतने तथा विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति में संभावित बाधाओं से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवानों को भी जरूरत के अनुसार तैनात रखने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
आपात स्थिति में इस नंबर पर करें संपर्क
आपदा की स्थिति में तत्काल सूचना प्राप्त करने और राहत एवं बचाव कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला स्तर पर 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
जिला कंट्रोल रूम नंबर: 07723-223305
कलेक्टर ने सभी तहसीलों में भी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर किसी भी आपात सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
गांवों और शहरों में मुनादी के निर्देश
जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिकों तक मौसम संबंधी जानकारी पहुंचाने के लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग अपने आवश्यक संसाधनों और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। राहत एवं बचाव दल को भी किसी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा जाए।
कलेक्टर की नागरिकों से अपील
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से अपील की है कि आगामी तीन दिनों तक विशेष सतर्कता बरतें और बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
उन्होंने नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को गंभीरता से लेने तथा आपात स्थिति में घबराने के बजाय कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संभावित चक्रवात को लेकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
















