प्रधानमंत्री आवास योजना: 256 आवास अधूरे, दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश…

सारंगढ़–बिलाईगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लंबित आवासों का निर्माण पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। सारंगढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोड़ीहारी, दानसरा और अचानकपाली में कुल 256 आवास अभी भी अपूर्ण हैं। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.एस. नायक ने संबंधित पंचायत सचिवों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और दिसंबर 2026 तक सभी लंबित आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार ग्राम सालर में आसपास की 10 ग्राम पंचायतों के सचिवों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया।
तीन पंचायतों में 256 आवास अपूर्ण
समीक्षा के दौरान गोड़ीहारी, दानसरा और अचानकपाली ग्राम पंचायतों में आवास निर्माण की स्थिति सामने आई। आंकड़ों के अनुसार गोड़ीहारी में 93, दानसरा में 75 और अचानकपाली में 88 आवास अपूर्ण हैं। इस तरह तीनों पंचायतों में कुल 256 आवासों का निर्माण पूरा होना बाकी है।
जनपद पंचायत सीईओ आर.एस. नायक ने संबंधित पंचायत सचिवों को निर्देश दिए कि हितग्राहियों से संपर्क कर आगामी 8 से 10 दिनों के भीतर लंबित आवासों का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही दिसंबर 2026 तक सभी स्वीकृत आवासों को पूरा कराने के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
निर्माण शुरू नहीं करने पर होगी कार्रवाई
सीईओ ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना जरूरी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले हितग्राहियों के मामलों में नियमानुसार आवास स्वीकृति निरस्त करने और जारी राशि की वसूली की कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वे हितग्राहियों से लगातार संपर्क बनाए रखें, निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और काम में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक पहल करें।
जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में समीक्षा
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी के मार्गदर्शन में जिले की ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनपद और ग्राम पंचायत स्तर पर आवास निर्माण की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि लंबित आवासों को समय पर पूरा कराया जा सके।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जा रही है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर सुरक्षित और स्थायी आवास मिल सके।
आवाम की आवाज़ न्यूज़
जनता की आवाज़, सच की पहचान।


















