रायगढ़ में बिरयानी खाने के लिए हत्या! लूटपाट का विरोध करने पर युवक को चाकू से गोदा, एक युवक और चार नाबालिग अभिरक्षा में…

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले में जूटमिल पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, बिरयानी खाने के लिए पैसे जुटाने की नीयत से कुछ युवकों ने सड़क किनारे सो रहे व्यक्ति से लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर उस पर बटन चाकू से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है।
CCTV फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंची जूटमिल पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच की। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष आंकी गई। उसके सीने, कंधे समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के निशान मिले।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव को सुरक्षित रखवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक सामने आने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 656/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। संदिग्धों के हुलिए और स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के आधार पर मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई क्षेत्र में दबिश दी गई।
पुलिस ने इसके बाद राजेश्वर सारथी उर्फ समारू (19) और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
नशे की लत और लूटपाट की रकम से खाने-पीने का आरोप
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, पकड़े गए आरोपी नशे के आदी बताए गए हैं। उन पर कबाड़ चोरी करने और रात के समय अकेले मिलने वाले लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल व नकदी लूटने जैसी वारदातों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि लूट से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वे खाने-पीने में करते थे।
आधी रात ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचे, विरोध करने पर चाकू से हमला
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात करीब एक बजे आरोपियों के बीच बिरयानी खाने की बात हुई। इसके लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से वे कथित तौर पर लूटपाट करने निकले। दो युवक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचे, जबकि तीन अन्य भी उनके पीछे वहां पहुंच गए।
वहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पास उन्हें एक व्यक्ति सोता हुआ दिखाई दिया। आरोप है कि उन्होंने उसकी जेब से रुपये और मोबाइल निकालने की कोशिश की। इसी दौरान व्यक्ति जाग गया और विरोध करने लगा। इसके बाद आरोपियों में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक ने कथित तौर पर बटन चाकू से उसकी भुजा, सीने, जांघ और पीठ पर कई वार कर दिए।
पुलिस के अनुसार, हमले में व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब से 700 रुपये निकाल लिए और आपस में बांट लिए।
खून लगे कपड़े, चाकू और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक बटन चाकू जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कथित पूर्ववर्ती कृत्यों और इस घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 भी जोड़ी गई है।
मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया कर रही है। घटना की जांच में स्थानीय नागरिकों ने भी सहयोग किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को उचित पुरस्कार देने और महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध कराने वाले नागरिकों को सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं।
आवाम की आवाज़ न्यूज़ | रायगढ़


















