रायगढ़: ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सीने और कंधे पर चोट के निशान…

रायगढ़, 24 अक्टूबर 2026। रायगढ़ के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास शनिवार सुबह एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में पुलिस की कार्रवाई शुरू हो गई। सूचना मिलते ही जूटमिल थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव के सीने और कंधे पर चोट के निशान पाए गए हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मरच्युरी में सुरक्षित रखवाया गया शव
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जूटमिल पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव को सुरक्षित रूप से मरच्युरी में रखवाया है। मृतक की पहचान करने तथा उसके परिजनों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने मृतक के फोटोग्राफ्स सीमावर्ती जिलों की पुलिस और विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों पर प्रसारित किए हैं, ताकि कोई व्यक्ति उसकी पहचान कर सके और उसके परिवार तक सूचना पहुंचाई जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
मृतक के सीने और कंधे पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, फिलहाल मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से की अपील
जूटमिल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक की पहचान के संबंध में जानकारी हो या उसके परिजनों के बारे में कोई सुराग मिले, तो पुलिस को सूचित करें।
संपर्क नंबर:
– थाना प्रभारी, जूटमिल: 9479193229
– पुलिस कंट्रोल रूम: 9479193299
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि उपलब्ध जानकारी साझा कर मृतक की पहचान और उसके परिजनों तक पहुंचने में सहयोग करें।
आवाम की आवाज़ न्यूज़ | जनता की आवाज़, सच की पहचान


















