रायगढ़ में गंभीर मामले की जांच तेज, जेल में बंद आरोपी से पुलिस ने की पूछताछ…
रायगढ़ पुलिस ने महिला उत्पीड़न और राष्ट्रीय एकता से जुड़े कथित गंभीर मामले की जांच में अहम कदम उठाया है। इस मामले में पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल में बंद आरोपी को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट लेकर पूछताछ के लिए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि उसने एक महिला के साथ प्रताड़ना की और एक नाबालिग को भारत विरोधी नारे सिखाए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम आरोपी को घटनास्थल पर भी लेकर गई, जहां आवश्यक पूछताछ और अन्य कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने “हिंदुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाए। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे दोबारा न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, राष्ट्र विरोधी गतिविधियों और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयासों पर रायगढ़ पुलिस साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई करती रहेगी।
नोट: यह समाचार रायगढ़ पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और आरोपों का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।













