10/10/2026

पहली बारिश में उखड़ी करोड़ों की सड़क! मंत्री के गृह क्षेत्र में PM जनमन सड़क पर उठे भ्रष्टाचार के सवाल…

20260709_233228
Spread the love

खैरागढ़/कवर्धा। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की गई खरिया से अगरी (बी) पीएम जनमन सड़क पहली ही बारिश में जगह-जगह से उखड़ने लगी है। सड़क की बदहाल स्थिति सामने आने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस सड़क को वर्षों तक टिकाऊ बताया गया था, वह पहली ही बारिश की मार नहीं झेल सकी।
सबसे अहम बात यह है कि यह सड़क प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े मंत्री विजय शर्मा के गृह निर्वाचन क्षेत्र में स्थित बताई जा रही है। ऐसे में सड़क की गुणवत्ता को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है।
सड़क के उखड़ने का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिसके कारण नई सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इधर, विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के कारण करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जनता को टिकाऊ सड़क नहीं मिल पा रही है।
हालांकि, इस मामले में संबंधित विभाग या निर्माण एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि विभाग का पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
नोट: यह खबर स्थानीय लोगों के आरोपों, वायरल वीडियो और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं पर आधारित है। निर्माण की गुणवत्ता और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।

https://x.com/i/status/2074897560721101237


Spread the love