21/11/2026

रायगढ़ में डीजल चोर गिरोह का खुलासा, पांच ट्रकों से 300 लीटर डीजल चोरी; ढाबा संचालक समेत दो गिरफ्तार

Picsart_26-11-20_21-36-35-746
Spread the love

 

पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई, चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा जाइलो कार जब्

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चोरी का डीजल खरीदने वाले पूजा ढाबा संचालक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 80 लीटर चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल की गई महिंद्रा जाइलो कार जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर की रात पूंजीपथरा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े पांच ट्रकों की डीजल टंकियों को तोड़कर करीब 300 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया था। घटना की जानकारी मिलने पर ट्रक चालक शशिकांत उपाध्याय ने 18 नवंबर को थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 

जांच के दौरान पुलिस को सूरज यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम सराईटोला, जिला जशपुर, हाल मुकाम दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़ के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी महिंद्रा जाइलो कार से सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों की रेकी की और पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर डीजल चोरी किया था।

 

आरोपी ने चोरी किए गए डीजल में से कुछ ट्रक चालकों को बेचा, जबकि कुछ डीजल संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा के संचालक मुकेश कुमार मखीजा को बेच दिया था।

 

इसके बाद पुलिस ने पूजा ढाबा में दबिश देकर संचालक मुकेश कुमार मखीजा (44 वर्ष), निवासी बोईरदादर रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, उसने चोरी का डीजल खरीदना स्वीकार किया।

 

पुलिस ने मुकेश मखीजा के कब्जे से 30 लीटर और सूरज यादव के कब्जे से 50 लीटर डीजल बरामद किया। इस तरह कुल 80 लीटर डीजल, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये है, जब्त किया गया। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल महिंद्रा जाइलो कार क्रमांक OD 05 AL 7035, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है, भी जब्त की गई।

 

चोरी का डीजल खरीदने के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) जोड़ी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

 

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक विनोद शर्मा, हेमसागर पटेल एवं शेखर चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 


Spread the love

You may have missed