कुपोषण मुक्त जिले की ओर कदम! सारंगढ़ में 44 बच्चों की जांच, अगले सप्ताह 4 क्षेत्रों में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर।

जिला अस्पताल सारंगढ़ में स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभाग ने मिलकर आयोजित किया शिविर, बच्चों को दी गईं जरूरी दवाएं और पोषण सामग्री
भटगांव, बिलाईगढ़, लेन्ध्रा और बरमकेला में अगले सप्ताह होंगे स्वास्थ्य शिविर
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 अक्टूबर 2026। जिले में कुपोषण की समस्या को कम करने और प्रभावित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल सारंगढ़ में कुपोषित बच्चों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 44 बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां एवं पोषण सामग्री प्रदान की गई।
44 बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच
स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस शिविर में सारंगढ़ परियोजना के 35 तथा कोसीर परियोजना के 9 बच्चे शामिल हुए। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद बच्चों की जरूरतों के अनुसार कैल्शियम, जिंक, सिट्रीजिन, पैरासिटामोल, आयरन, एंजाइम और एल्बेंडाजोल जैसी दवाइयां वितरित की गईं।
इसके अलावा बच्चों को प्रोटीन पाउडर, कैल्शियम सिरप और मल्टीविटामिन सिरप भी उपलब्ध कराया गया, ताकि उनके स्वास्थ्य और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिल सके।
बच्चों के पोषण और उपचार पर विशेष ध्यान
शिविर का मुख्य उद्देश्य कुपोषण से प्रभावित बच्चों की समय पर पहचान कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक उपचार और पोषण संबंधी सहायता सुनिश्चित करना है। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लेते हुए उनकी जरूरतों के अनुरूप आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया।
इस आयोजन में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले की भूमिका रही। अधिकारियों ने शिविर के सफल संचालन में सहयोग देने वाले कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
अगले सप्ताह चार क्षेत्रों में फिर लगेंगे शिविर
जिले में इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए आगामी सप्ताह भटगांव, बिलाईगढ़, लेन्ध्रा और बरमकेला परियोजना क्षेत्रों में भी विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों की तिथि स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने के बाद संबंधित क्षेत्रों को सूचित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को शिविरों के आयोजन से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि कुपोषण से प्रभावित बच्चों तक स्वास्थ्य जांच, उपचार और पोषण संबंधी सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।


















