शराब भट्ठी खुलने से पहले ही अवैध बिक्री की तैयारी, 34 पाव देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार…

रायगढ़, 23 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 34 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 2,720 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब की बिक्री को लेकर मुखबिरों से लगातार जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चिराईपानी निवासी राधेश्याम चन्द्रा किरोड़ीमलनगर स्थित शराब दुकान खुलने से पहले आसपास के इलाके में शराब को अधिक कीमत पर बेचने की कोशिश करता है।
सूचना मिलते ही कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य के निर्देशन में पेट्रोलिंग टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। टीम ने भूपदेवपुर-रायगढ़ मार्ग पर चिराईपानी मोड़ के पास संदिग्ध रूप से प्लास्टिक का बोरा लेकर जा रहे एक व्यक्ति को रोका।
पूछताछ में उसकी पहचान राधेश्याम चन्द्रा (54 वर्ष), पिता रामनद्धे, निवासी ग्राम बंसुला वार्ड क्रमांक 06, थाना बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा, वर्तमान निवासी चिराईपानी, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस ने उसके पास मौजूद प्लास्टिक बोरे की तलाशी ली तो उसमें 34 नग सीलबंद देशी प्लेन शराब मिली। शराब की कुल कीमत ₹2,720 आंकी गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब को अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से लेकर जा रहा था।
मौके पर गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की गई। मामले में कोतरारोड़ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बीरेन्द्र भगत, आरक्षक राजेश खाण्डे और आरक्षक कमलेश सागर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



















