Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

16/07/2026

तेज़ रफ्तार टेलर की टक्कर से पिता और मासूम बेटे की मौत, पत्नी जिंदगी की जंग लड़ रही हैं …

Spread the love

 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि पिता और उनके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुडकई गांव निवासी परिवार स्कूटी से पेंड्रा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने ओवरटेक करने के प्रयास में स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पिता-पुत्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पेंड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भाग रहे ट्रेलर का पीछा कर उसे रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर लोगों में आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।।


Spread the love