12/10/2026

डबल कैज व्हील वाले ट्रैक्टर पर प्रशासन का शिकंजा, बोन्दा में ट्रैक्टर जब्त सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत शुरू हुई कार्रवाई

Screenshot_2026-07-10-17-32-57-27_99c04817c0de5652397fc8b56c3b3817
Spread the love


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 जुलाई 2026।

जिले में सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए डबल कैज व्हील (लोहे के पहिए) वाले ट्रैक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर गुरुवार को सरिया तहसील के ग्राम बोन्दा में सड़क पर बिना निर्धारित पट्टी लगाए डबल कैज व्हील के साथ ट्रैक्टर चलाते पाए जाने पर प्रशासन ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।


यह संयुक्त कार्रवाई राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं कृषि विभाग की टीम द्वारा की गई। जब्त किया गया ट्रैक्टर छोटे लाल का बताया गया है।

प्रशासन ने ट्रैक्टर मालिक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।


सरिया तहसीलदार कोमल साहू ने बताया कि कार्रवाई से पहले प्रशासन द्वारा किसानों को लगातार जागरूक किया गया था।

सचिव, पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर समझाइश दी गई थी कि डबल कैज व्हील वाले ट्रैक्टरों को सड़क पर बिना निर्धारित पट्टी लगाए नहीं चलाया जाए।

इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर अब सख्त कार्रवाई की जा रही है।


प्रशासन के अनुसार डबल कैज व्हील वाले ट्रैक्टर सड़क पर चलने से डामर और सीमेंट की सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त होती हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है।

इसके अलावा ऐसे पहियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

इसी उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


जिला प्रशासन ने जिले के सभी किसानों एवं ट्रैक्टर चालकों से अपील की है कि सड़क पर ट्रैक्टर चलाने से पहले डबल कैज व्हील पर निर्धारित रबर या लोहे की स्वीकृत पट्टी अवश्य लगाएं अथवा सड़क पर सामान्य पहियों का ही उपयोग करें।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Spread the love