कोरबा डेंगूनाला पुल के नीचे मिला 2 वर्षीय मासूम का शव, एक दिन से था लापता पढ़े पूरी ख़बर …
कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे शुक्रवार को दो वर्षीय मासूम का शव मिलने से इलाके में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान केशव (2 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रामपुर बस्ती निवासी दिनेश कुमार का पुत्र था। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान की।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बच्चे के माता-पिता मजदूरी करने गए थे। इस दौरान उसकी मां पेड़ की छांव में बैठकर बच्चे को दूध पिला रही थी। बताया जा रहा है कि कुछ देर के लिए मां को नींद आ गई और जब उसकी आंख खुली तो बच्चा वहां नहीं था। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। आशंका जताई जा रही है कि मासूम खेलते-खेलते नाले की ओर चला गया और तेज बहाव में डूब गया। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
बालको थाना पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कुछ समय पहले भी डेंगूनाला में तेज बहाव के चलते एक दंपति हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें पति की मौत हो गई थी जबकि पत्नी ने तैरकर अपनी जान बचाई थी। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान नदी-नालों और पुलों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।













