स्कूल-हॉस्टल निर्माण में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त सरिया में निरीक्षण के दौरान निर्माण गुणवत्ता में खामियां मिलने पर ठेकेदारों और इंजीनियरों को लगाई फटकार घटिया निर्माण करने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश..
स्कूल-हॉस्टल निर्माण में लापरवाह
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 जुलाई 2026।
कलेक्टर पदमिनी भोई ने बुधवार को सरिया पहुंचकर निर्माणाधीन हायर सेकेंडरी स्कूल भवन एवं कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल भवन के प्रत्येक कक्ष और छात्रावास का बारीकी से अवलोकन किया।
इस दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी कई कमियां पाए जाने पर ठेकेदारों और संबंधित इंजीनियरों को कड़ी फटकार लगाई।
कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्कूल और हॉस्टल जैसे सार्वजनिक भवनों के निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से कहा कि यदि यही निर्माण उनके अपने घर के लिए होता, तो क्या वे ऐसी गुणवत्ता स्वीकार करते।
कन्या छात्रावास भवन के निरीक्षण में भी कई तकनीकी और निर्माण संबंधी खामियां सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदार एवं विभागीय अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पंचायत सरिया के सीएमओ को निर्देशित किया कि नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे सभी विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा कर संबंधित ठेकेदारों और इंजीनियरों को तलब किया जाए। इसके लिए आवश्यक तैयारी शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि घटिया निर्माण करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सरिया के नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल भवन का भूमिपूजन प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा किया गया था। अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।













