हजारों पात्र परिवारों के लिए राहत की उम्मीद, विजय शर्मा ने शिवराज सिंह चौहान को लिखा पत्र…
रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ पाने से अब तक वंचित रह गए पात्र परिवारों के लिए राहत की खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस गंभीर मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष उठाते हुए केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र भेजा है। उन्होंने आग्रह किया है कि तकनीकी कारणों से सर्वे में छूट गए सभी पात्र परिवारों को भी योजना का लाभ दिया जाए।
डिप्टी CM ने अपने पत्र में बताया कि आवास प्लस 2.0 सर्वे के दौरान कई योग्य परिवार तकनीकी दिक्कतों के कारण पोर्टल पर दर्ज नहीं हो सके। इसका सीधा असर यह हुआ कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की स्वीकृति से वंचित रह गए, जबकि वे योजना की सभी पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य के कई ग्रामीण इलाकों में ऐसे परिवार हैं जो आज भी कच्चे या जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं। केवल तकनीकी त्रुटियों के कारण उन्हें सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। यह स्थिति सुधारने के लिए केंद्र सरकार से विशेष पहल की आवश्यकता है।
उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया है कि भारत सरकार इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेते हुए सर्वे से छूटे सभी पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के दायरे में शामिल करे, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार पक्के घर के अधिकार से वंचित न रहे।
अपने पत्र में विजय शर्मा ने हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने ग्रामीण विकास और गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आशा जताई कि इस मुद्दे पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
यदि केंद्र सरकार इस मांग को स्वीकार करती है, तो प्रदेश के हजारों पात्र परिवारों के लिए पक्के घर का सपना साकार होने की राह आसान हो सकती है।














