रायगढ़ में कार से देशी कट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार; हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
रायगढ़, 7 जुलाई 2026।
रायगढ़ पुलिस ने चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त कार्रवाई में एक कार से अवैध देशी कट्टा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹4.10 लाख कीमत की टोयोटा ग्लैंजा कार और एक देशी कट्टा जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से रायगढ़ आने वाली एक सफेद कार में अवैध हथियार लाया जा रहा है।
सूचना पर पहाड़ मंदिर शराब भट्टी के पास घेराबंदी कर वाहन की जांच की गई।
इस दौरान CG-13 AQ-6663 नंबर की टोयोटा ग्लैंजा को रोककर तलाशी लेने पर कार में छिपाकर रखा गया देशी कट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीश यादव (26) निवासी बजरंग रामभाठा, रायगढ़ और प्रहलाद केंवट (24) निवासी अंधियारीपार, अकलतरा (वर्तमान निवासी उच्चभिट्टी, रायगढ़) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद देशी कट्टा उन्होंने योगेश चौहान उर्फ सानू उर्फ साहिल चौहान से खरीदा था, जो पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया।
पुलिस उसकी तलाश के साथ-साथ अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस की अवैध हथियारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है और पूरे नेटवर्क का पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।













