Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

01/07/2026

डीएपी के नाम पर किसानों से ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, 4 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 जुलाई 2026। जिले में किसानों को डीएपी खाद के नाम पर कथित रूप से ठगने वाले गिरोह का कृषि विभाग और तहसील प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई में भंडाफोड़ किया है। सरसीवां थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ापाली में घेराबंदी कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के विरुद्ध सरसीवां थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।


प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले 2–3 वर्षों से सरसीवां क्षेत्र में रहकर सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा और सक्ती जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय थे। आरोप है कि वे गांव-गांव जाकर अपने उत्पाद को डीएपी खाद बताकर किसानों को बेचते थे और बिल भी जारी करते थे, जबकि बेचा जा रहा उत्पाद वास्तविक डीएपी नहीं था।


जांच में यह भी पता चला कि आरोपी सुनसान स्थानों पर किराये के कमरों में ठहरते थे और समय-समय पर अपना ठिकाना बदलते रहते थे, ताकि उन पर संदेह न हो। उल्लेखनीय है कि जिले में उर्वरक का विक्रय केवल वैध अनुज्ञप्ति एवं अधिकृत विक्रय केंद्रों के माध्यम से ही किया जा सकता है।


बताया गया कि गत वर्ष भी सरसीवां तहसील के ग्राम भिनोदा में इसी कंपनी का संदिग्ध खाद मिला था, लेकिन उस समय विक्रेताओं तक कार्रवाई नहीं पहुंच सकी थी। इस बार कृषि विभाग और तहसील प्रशासन की सतर्कता से आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता मिली।


कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कृष्ण कुमार साहू, उर्वरक निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, तहसीलदार मोहन साहू, कुलदीप नायक तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।


कृषि विभाग की अपील: किसान केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें, खरीद का पक्का बिल अवश्य लें तथा यदि कोई व्यक्ति डीएपी के नाम पर संदिग्ध खाद बेचता मिले तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।


Spread the love