पति की मौत या सुनियोजित साजिश? पत्नी का सनसनीखेज आरोप, 3 दिन तक छुपाई गई मौत, गुपचुप अंतिम संस्कार!..
Oplus_16908288
(भुनेश्वर निराला) आवाम की आवाज़ न्यूज़ |सारंगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के ग्राम बसीनबहरा (पोस्ट-कोतरी) से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक नवविवाहिता ने अपने पति की संदिग्ध मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसके पति की मौत की सूचना उसे जानबूझकर नहीं दी गई, अंतिम संस्कार भी उसकी गैरमौजूदगी में कर दिया गया और अब पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
पीड़िता शीतल निराला (22) ने सिटी कोतवाली सारंगढ़ और सतनामी विकास परिषद को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। शिकायत के मुताबिक उसके पति संजय कुमार निराला, जो झारखंड में सीसीएल में कार्यरत थे, की 19 जून 2026 को मौत हो गई थी। लेकिन इस घटना की जानकारी पत्नी को तीन दिन तक नहीं दी गई। जब मायके पक्ष को दूसरे माध्यम से जानकारी मिली और वे 21 जून को ससुराल पहुंचे, तब पता चला कि अंतिम संस्कार पहले ही कर दिया गया था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब मायके पक्ष ने मौत की परिस्थितियों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भगा दिया गया। इतना ही नहीं, पीड़िता का दावा है कि शोक पत्र में भी उसका नाम शामिल नहीं किया गया।

मामले को और गंभीर बनाते हुए शीतल ने कहा कि मौत से दो दिन पहले तक उसकी पति से सामान्य बातचीत हुई थी। ऐसे में अचानक हुई मौत पर उसे गहरा संदेह है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि अस्थि विसर्जन के दौरान ससुराल पक्ष का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग हंसते, जश्न मनाते और शराब पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि यह व्यवहार शोक की स्थिति से बिल्कुल विपरीत है और पूरे मामले को संदिग्ध बनाता है।
शिकायत में शीतल ने मांग की है कि उसके पति की मौत की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच कराई जाए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह सामान्य मृत्यु थी या किसी साजिश का परिणाम। साथ ही यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
> नोट: इस खबर में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता के लिखित आवेदन पर आधारित हैं। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।











