अमलीपाली में पानी की समस्या हुई दूर महिलाओं को मिली बड़ी राहत, समय की हुई बचत स्वच्छ जल से बेहतर हुआ स्वास्थ्य और जीवन स्तर
रायगढ़, 18 जून 2026/ विकासखंड पुसौर के ग्राम अमलीपाली, ग्राम पंचायत आमापाली में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव लाया है। 96 परिवारों और 324 की आबादी वाले इस गांव में कभी पेयजल की गंभीर समस्या थी, लेकिन आज घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। इससे ग्रामीणों की दिनचर्या आसान हुई है, स्वास्थ्य में सुधार आया है और महिलाओं को नई ऊर्जा के साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
ग्राम अमलीपाली में पहले स्वच्छ और पर्याप्त जल स्रोतों की कमी के कारण ग्रामीणों को दैनिक उपयोग के लिए पानी जुटाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं को घरेलू कार्यों के साथ पानी की व्यवस्था के लिए अतिरिक्त समय और श्रम देना पड़ता था। पानी की अनिश्चित उपलब्धता के कारण कई बार लोगों के अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित होते थे। बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका असर पड़ता था क्योंकि उन्हें परिवार की मदद के लिए पानी लाने जाना पड़ता था। असुरक्षित जल उपयोग के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।
अमलीपाली निवासी श्रीमती मधुमिता चौहान उन हितग्राहियों में शामिल हैं जिनके जीवन में जल जीवन मिशन ने सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाया है। पहले उन्हें प्रतिदिन घरेलू जिम्मेदारियों के साथ पानी की व्यवस्था के लिए काफी समय देना पड़ता था, जिससे अन्य सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर सीमित हो जाता था। लेकिन जल जीवन मिशन के तहत घर तक नल कनेक्शन मिलने के बाद उनकी दिनचर्या पूरी तरह बदल गई। अब उन्हें पानी के लिए अतिरिक्त समय नहीं देना पड़ता। वे अपने घरेलू कार्य समय पर पूरा कर पा रही हैं और परिवार की देखभाल के लिए अधिक समय निकाल पा रही हैं। समय की बचत ने उन्हें छोटे-छोटे आयवर्धक कार्यों से जुड़ने का अवसर भी दिया है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। जल जीवन मिशन के प्रभाव से गांव में केवल पानी की उपलब्धता ही नहीं बढ़ी, बल्कि स्वास्थ्य और स्वच्छता के स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। स्वच्छ पेयजल मिलने से जलजनित बीमारियों में कमी आई है और ग्रामीणों का चिकित्सा खर्च भी घटा है। गांव में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा लोग सुरक्षित पेयजल और साफ-सफाई के महत्व को समझने लगे हैं। आज अमलीपाली विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। जल जीवन मिशन केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन को सशक्त बनाने वाला एक जनआंदोलन बन चुका है, जो गांवों में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रख रहा है।









