Categories

Recent Posts

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

16/06/2026

परीक्षा देकर लौट रहे LLB छात्र पर ब्लेड से हमला, बिलासपुर में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात….

Spread the love

(भुनेश्वर निराला) आवाम की आवाज़ न्यूज़|सारंगढ़


बिलासपुर। शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एलएलबी की परीक्षा देकर लौट रहे एक छात्र पर बीच सड़क ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक घायल छात्र साहिल बर्मन मुंगेली जिले के ग्राम राजपुर मोहाट का निवासी है। वह बिलासपुर के कौशलेंद्र राव विधि महाविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है तथा सरकंडा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर अध्ययन करता है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को साहिल परीक्षा देकर अपने एक सहपाठी के साथ वापस लौट रहा था। इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ज्वाली पुल नाला मार्ग पर उसकी मुलाकात परिचित युवक मोहम्मद समीर से हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच पहले सामान्य बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने अचानक ब्लेड निकालकर साहिल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले से छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके शरीर से लगातार खून बहता देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आरोपी मोहम्मद समीर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में दोनों के एक-दूसरे के परिचित होने की बात सामने आई है। पुलिस हमले के पीछे की वास्तविक वजह तलाशने में जुटी हुई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
दिनदहाड़े एक कानून के छात्र पर हुए इस हमले ने शहरवासियों को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।


Spread the love