बिलासपुर में सनसनी: गली में खून से लथपथ मिला युवक का शव, पत्थरों से कुचलकर हत्या की आशंका…
(भुनेश्वर निराला) आवाम की आवाज़ न्यूज़|सारंगढ़
बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित गणेश नगर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संकरी गली में एक युवक का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय इरफान बघीरा के रूप में हुई है, जो इसी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह घरों से बाहर निकलने पर गली के बीच युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा गया। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से खून के निशान लगे दो भारी सीमेंट के पत्थर बरामद किए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने इन्हीं पत्थरों का इस्तेमाल कर युवक पर जानलेवा हमला किया। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की संभावना और मजबूत हो गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वारदात से जुड़े संदिग्धों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस मृतक के परिजनों, मित्रों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि घटना से पहले युवक किन लोगों के संपर्क में था और क्या उसके किसी से विवाद या रंजिश थी। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
सिरगिट्टी पुलिस ने हत्या का मामला मानकर सभी पहलुओं पर जांच तेज कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का दावा किया जा रहा है।









