लैलूंगा बाजार में महिलाओं का गैंग बना रहा था लोगों को शिकार, पुलिस ने बिछाया जाल और 6 आरोपी चढ़े हत्थे…सेवानिवृत्त शिक्षिका की सोने की चैन झपटने के बाद खुला राज, 7 लाख की संपत्ति बरामद; 5 महिलाएं और एक पुरुष गिरफ्तार
रायगढ़ | भुनेश्वर निराला /लैलूंगा के साप्ताहिक बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की जेबें साफ करने और महिलाओं के गले से सोने के जेवर उड़ाने वाले एक शातिर गिरोह का रायगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस की सतर्कता और महिला आरक्षक की सूझबूझ से न केवल मुख्य आरोपी मौके पर पकड़ाई, बल्कि पूरे गिरोह का नेटवर्क भी बेनकाब हो गया।
मामला तब सामने आया जब 67 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो अपने पति के साथ बाजार में खरीदारी करने पहुंची थीं। भीड़भाड़ के बीच किसी ने उनके गले से सोने की चैन झपट ली और फरार हो गया। घटना से बाजार में हड़कंप मच गया और पीड़िता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
महिला आरक्षक की सतर्कता बनी गिरोह के लिए मुसीबत
घटना की जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में मिले सुरागों ने पुलिस को सीधे पूरे गिरोह तक पहुंचा दिया। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा।
बलरामपुर से आते थे, बाजारों में बनाते थे शिकार
जांच में सामने आया कि आरोपी बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से इको वाहन में सवार होकर लैलूंगा पहुंचे थे। गिरोह का तरीका बेहद सुनियोजित था। सदस्य भीड़भाड़ वाले हाट-बाजारों और मेलों में घूमते थे तथा मौका मिलते ही जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर देते थे। वारदात के बाद गिरोह के कुछ सदस्य जशपुर जिले में छिप गए थे, लेकिन पुलिस ने देर रात दबिश देकर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।
सोने की चैन, वाहन और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 18 ग्राम वजनी सोने की चैन और लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल की गई इको कार तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है।
ये आरोपी आए पुलिस की गिरफ्त में
कार्रवाई के दौरान मंगरीता गिरी, दीपक गिरी, रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी और उर्मिला गिरी को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
एसएसपी का संदेश: अपराधियों को नहीं मिलेगी कोई राहत
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ग्रामीण हाट-बाजारों में आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। जेबकतरी, झपटमारी और संगठित अपराध में शामिल गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है और आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।









